सुशासन तिहार-2025 – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम, रंजीत सिंह

मल्हार – भाजपा मंडल मल्हार के अध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा घोषित “सुशासन तिहार-2025” का स्वागत करते हुए इसे जनकल्याण और पारदर्शी शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जनता से सीधे संवाद की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्यभर में सुशासन तिहार-2025 के आयोजन की घोषणा की है, जो शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जन समस्याओं के समाधान को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से विकास कार्यों को गति मिलेगी और समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंच सकेगा।
पहला चरण 8 से 11 अप्रैल तक:
सुशासन तिहार का प्रथम चरण 8 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। इस अवधि में नागरिकों से उनकी शिकायतों, समस्याओं, सुझावों और मांगों से संबंधित आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक स्थापित समाधान पेटियों में जमा किए जा सकेंगे।
इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे आम नागरिक डिजिटल माध्यम से भी अपनी समस्याएं संबंधित विभागों तक पहुंचा सकेंगे। सभी आवेदनकर्ताओं को पावती प्रदान की जाएगी और प्राप्त आवेदनों का समाधान एक माह के भीतर संबंधित अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा।
रंजीत सिंह ठाकुर ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और शासन-प्रशासन को अपनी समस्याओं से अवगत कराएं ताकि समय पर उनका समाधान हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री जी के इस नवाचार के लिए आभार प्रकट करते हुए इसे “जनता के साथ संवाद और सहयोग की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम” बताया।