बिलासपुर

तिफरा में बेकाबू स्कॉर्पियो ने मचाई तबाही, स्कूटी और ई-रिक्शा को ठोका, तीन घायल, एक की हालत नाजुक

भुवनेश्वर बंजारे

बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा काली मंदिर के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार और ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल स्कूटी सवार को बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं दो अन्य घायलों का उपचार सिम्स में जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। स्कॉर्पियो क्रमांक MH 32 AX 2794 का चालक शुभम सिंगरौल निवासी पथरिया मरही माता मंदिर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान तिफरा काली मंदिर के पास तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए उसने नियंत्रण खो दिया और सामने जा रहे स्कूटी सवार तथा ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में स्कूटी चला रहे रमेश रेलवानी 48 वर्ष को गंभीर चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सिम्स ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वहीं ई-रिक्शा चालक विनोद कुमार सूर्यवंशी और ई-रिक्शा में सवार फल व्यापारी राजकुमार भी घायल हो गए। दोनों का इलाज सिम्स में चल रहा है। घटना के बाद मानवता दिखाते हुए स्कॉर्पियो चालक ने ही तीनों घायलों को अपने वाहन से सिम्स अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को सिटी कोतवाली थाने में जब्त करा लिया गया है। वाहन चालक शुभम सिंगरौल के अनुसार तिफरा चौक के पास डिवाइडर से अचानक स्कूटी सामने आने बचने की कोशिश के दौरान यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और वाहन की रफ्तार सहित अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

BREAKING