छत्तीसगढ़

टीवीएस राइडर से हो रही थी गांजे की तस्करी, सलिहा पुलिस ने हरियाणा के दो आरोपियों को दबोचा

सारंगढ़ बिलाईगढ़ – थाना सलिहा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के दो आरोपियों को 8.656 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹1.75 लाख आंकी गई है।पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देश तथा एसडीओपी बिलाईगढ़ विजय कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में 23 जुलाई को थाना सलिहा के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बसना रोड की ओर से आ रही टीवीएस राइडर (एचआर-50-एम-2830) को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान बाइक चालक ओमप्रकाश सिंह (29) निवासी ग्राम बनचरी, जिला पलवल (हरियाणा) के बैग से 5.175 किलोग्राम गांजा तथा पीछे बैठे जीतन (23) निवासी ग्राम हसनपुर, जिला पलवल (हरियाणा) के कब्जे से 3.479 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों के पास से कुल 8.656 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 8.656 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹85,000) तथा टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल (कीमत ₹90,000) सहित कुल ₹1.75 लाख की संपत्ति जब्त की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

BREAKING