छत्तीसगढ़

उफनते नाले को दी चुनौती, मौत ने बीच धारा में दबोचा!

गरियाबंद – जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। बुधवार को फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के सरगी नाला में तेज बहाव के बीच नाला पार करने की कोशिश कर रहे सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) की पानी में बहने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, थनवार यादव अपने एक साथी के साथ धूर्मा गांव से लौट रहे थे। इस दौरान सरगी नाला का जलस्तर काफी बढ़ चुका था। स्थानीय लोगों और उनके साथी ने उन्हें नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर नाला पार करने का प्रयास किया। बीच नाले में पहुंचते ही तेज बहाव उन्हें बहाकर ले गया।सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे बाद उनका शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर खूंटेरी गांव के पास बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

BREAKING