पत्नी की हत्या कर बुजुर्ग ने की आत्महत्या या है कोई और वजह? पुलिस जुटी जांच में….. घटना से क्षेत्र में फैली सनसनी

बिलासपुर – जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केशला में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। गांव में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम केशला निवासी 75 वर्षीय घनश्याम साहू का शव उसके घर के बगल में कोठे में फांसी के फंदे पर झूलता मिला, जबकि 63 वर्षीय पत्नी इंदिरा साहू का शव खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़ा हुआ था। महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि घनश्याम साहू ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद सनसनी मची हुई है। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और हत्या के पीछे संभावित कारणों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह सचमुच घरेलू विवाद का परिणाम है या फिर इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।