मस्तूरी

मस्तूरी: प्रधानमंत्री आवास योजना का कमीशन मांगने पहुँचे गतौरा सरपंच प्रतिनिधि और साथीयो की दबंगई….मना करने पर ग्रामीण से मारपीट,

मस्तूरी – थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गतौरा गोड़पारा में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कमीशन मांगने और विरोध करने पर ग्रामीण के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सिद्ध राम बैगा, निवासी ग्राम गतौरा, रोजी-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। प्रार्थी ने रिपोर्ट में बताया कि दिनांक 21 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने घर के पास मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही राघवेन्द्र राठौर अपने साथियों भानु वस्त्रकार और सरपंच प्रतिनिधि नरेन्द्र वस्त्रकार के साथ वहां पहुंचे। राघवेन्द्र राठौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम आने की बात कहते हुए आवास की राशि दिलाने के बदले कमीशन की मांग की। प्रार्थी द्वारा कमीशन देने से इंकार करने पर तीनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे और हाथ-थप्पड़ से मारपीट कर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद लात-घूंसे से बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे प्रार्थी के सिर, बाएं आंख, हाथ, पैर और पीठ में चोटें आईं। दर्द से कराहते हुए जब प्रार्थी ने बचाव-बचाव की आवाज लगाई तो गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते-जाते तीनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के अगले दिन पीड़ित ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मस्तूरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

BREAKING