पिता को देखने सिम्स अस्पताल जा रहे बेटे की सड़क हादसे में मौत…तिफरा ओवरब्रिज में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, साथी घायल

बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तिफरा ओवरब्रिज पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, सरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बदरा ठाकुर निवासी भानु लहरे पिता केशवलाल लहरे अपने साथी पारस यादव के साथ बाइक से बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल जा रहा था। बताया गया कि भानु के पिता केशवलाल लहरे को करंट लगने के बाद उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया था। इसी की जानकारी मिलने पर भानु अपने पिता को देखने के लिए दोस्त के साथ अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान तिफरा ओवरब्रिज के पास उनकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार भानु लहरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद पारस यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। जिस पिता को देखने भानु अस्पताल जा रहा था, उसी रास्ते में हुए हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दे दिया।


