रतनपुर:- नशे में खूनी खेल, छत पर चढ़कर ईंट से सिर कुचला, हंसिया से किए वार, युवक की दर्दनाक मौत, दो आरोपी गिरफ्तार।

बिलासपुर – रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात नशे में हुई गाली-गलौज ने खूनी रूप ले लिया। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने घर की छत पर चढ़कर एक युवक पर ईंट और हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35 वर्ष), पिता स्व. सारधा भार्गव, निवासी नीम चौक, ग्राम अकलतरी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोहल्ले में कुछ लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।आरोप है कि विवाद के बाद अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष), पिता सुरेश सोनवानी और सुधीर सोनवानी (26 वर्ष), पिता दिलेश सोनवानी, दोनों निवासी अकलतरी, मृतक के घर पहुंच गए।

दोनों आरोपी घर की छत पर चढ़ गए और वहां दीवार की ईंट निकालकर इंद्रप्रकाश के सिर पर लगातार वार किए। इसके बाद भी जब उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो हंसिया से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण इंद्रप्रकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। फॉरेंसिक जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के कारणों, घटना की पूरी परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


