24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा: प्रेम संबंध में विवाद बना हत्या की वजह, युवती गिरफ्तार

सीपत – बिलासपुर जिले की सीपत पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए हत्या की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी महिला के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। घटना वाले दिन दोनों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद महिला ने गला दबाकर हत्या कर दी।पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को ग्राम कौड़िया निवासी चंद्रप्रकाश पटेल अपने घर की कोला-बाड़ी में मृत अवस्था में मिले थे। सूचना पर सीपत थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण जिला मुख्यालय की ‘सीन ऑफ क्राइम’ टीम ने भी किया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक के ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30 वर्ष) से अवैध संबंध थे और घटना के दिन वह मृतक के घर आई थी। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के समय मृतक शराब के नशे में था। दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। विवाद बढ़ने पर मृतक ने उसका गला दबाने की कोशिश की, जिसके बचाव में उसने भी मृतक का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कोला-बाड़ी में छोड़कर वह अपनी स्कूटी से मौके से फरार हो गई।पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है तथा उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ गई।


