त्योहारों से पहले सीपत पुलिस का बड़ा एक्शन, तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले 3 गुंडे गिरफ्तार, 4 स्थायी वारंटी भी पहुंचे जेल

सीपत –आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से सीपत पुलिस ने आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में तीन गुंडा बदमाशों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे चार स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों को आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 3 सितंबर को सीपत पुलिस ने थाना क्षेत्र में सक्रिय गुंडा बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने सोहन वर्मा (33), निवासी बाजारपारा सीपत, अमलेश उर्फ छोटू साहू (29), निवासी मडई तथा राजकुमार केंवट (29), निवासी कौड़िया को धारदार तलवार हाथ में लेकर सार्वजनिक स्थान पर लहराते हुए लोगों को डराते-धमकाते पकड़ा। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।इसके अलावा सीपत थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे चार स्थायी वारंटियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनमें जेठूराम वागले (72), निवासी जांजी, मुन्नालाल (65), निवासी पंधी, महेंद्र केंवट (28), निवासी सेलर तथा नील कमल सूर्यवंशी (46), निवासी सेलर शामिल हैं।

पुलिस ने सभी को संबंधित न्यायालयों में पेश किया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगामी त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

