गिरिजाबंध हनुमान मंदिर में गूंजा सुंदरकांड… सैकड़ों मातृशक्तियों ने एक स्वर में किया पाठ

भुवनेश्वर बंजारे
रतनपुर – धार्मिक नगरी रतनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध गिरिजाबंध हनुमान मंदिर में शनिवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बागेश्वर धाम से जुड़े बिलासपुर संभाग के तीन प्रमुख सुंदरकांड मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों मातृशक्तियों ने एक स्वर में सुंदरकांड का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

आयोजन में बिलासपुर बागेश्वर धाम मातृशक्ति सुंदरकांड मंडल, बेलतरा बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल और तखतपुर बागेश्वर धाम मातृशक्ति सुंदरकांड मंडल की संयुक्त सहभागिता रही। तीनों मंडलों की मातृशक्तियों ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया। मंदिर परिसर में रामभक्ति और हनुमान भक्ति के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
रतनपुर का गिरिजाबंध हनुमान मंदिर अपनी विशिष्ट धार्मिक मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है।

यहां संकटमोचन हनुमान जी के नारी स्वरूप में विराजमान होने की मान्यता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से यहां की गई प्रार्थना पूरी होती है। विशेष पर्वों पर हनुमान जी का 16 श्रृंगार भी किया जाता है, जिसके दर्शन को श्रद्धालु विशेष सौभाग्य मानते हैं। इसी पावन धरा पर शनिवार दोपहर 3 बजे से सुंदरकांड पाठ प्रारंभ हुआ।

आयोजन में पूज्य ताराचंद महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके सान्निध्य और आशीर्वाद में सुंदरकांड पाठ विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुआ। पाठ के समापन पर श्रद्धालुओं ने गिरिजाबंध हनुमान महाराज और प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि सभी भक्तों पर उनकी कृपा बनी रहे तथा उन्हें धर्म, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने की शक्ति प्राप्त हो।

आयोजन ने तीनों सुंदरकांड मंडलों की एकजुटता और मातृशक्ति की धार्मिक आस्था का संदेश दिया।


