अचानक सिम्स पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री…मरीजों के बीच बैठकर पूछा- इलाज कैसा मिल रहा है?

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – मंगलवार की सुबह सिम्स में उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बिना किसी औपचारिकता के अचानक अस्पताल पहुंच गए। मंत्री के औचक निरीक्षण की खबर मिलते ही अस्पताल प्रबंधन और अधिकारियों में सक्रियता बढ़ गई। स्वास्थ्य मंत्री ने सीधे मरीजों के बीच पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उनसे अस्पताल में मिल रहे इलाज का फीडबैक लिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले कैजुअल्टी सहित महत्वपूर्ण हिस्सों का निरीक्षण किया। इसके बाद लेबर और अन्य वार्डों में पहुंचकर मरीजों तथा उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने मरीजों से पूछा कि डॉक्टर समय पर देख रहे हैं या नहीं, दवाइयां मिल रही हैं या नहीं और जांच कराने में किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है।मरीजों से बातचीत के दौरान एक मरीज ने बताया कि उसे अस्पताल में दवा, इलाज और जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं। मरीज की बात सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने संतोष जताया।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सिम्स के डीन और अधीक्षक से अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने विभिन्न वार्डों में मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों से मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की।स्वास्थ्य मंत्री के औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने का संदेश भी मिला। मरीजों से सीधे बातचीत कर जमीनी फीडबैक लेने के बाद मंत्री संतुष्ट नजर आए और निरीक्षण पूरा कर सिम्स से रवाना हो गए।


