बिलासपुर में गरबा से पहले दरिंदगी! ऑटो चालक ने युवती को शहर घुमाने का झांसा देकर सुनसान जगह ले जाकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – न्यायधानी में गरबा कार्यक्रम में शामिल होने निकली युवती को ऑटो चालक द्वारा घुमाने का झांसा देकर सुनसान इलाके में ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती 27 सितंबर की शाम कुंदन पैलेस में आयोजित गरबा इवेंट में शामिल होने जा रही थी। वह गांधी चौक से ऑटो में सवार होकर पुराना बस स्टैंड चौक पहुंची। इसके बाद दूसरे ऑटो से कुंदन पैलेस गई। वहां पहुंचने पर गरबा कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ था, इसलिए युवती बाहर ही खड़ी होकर कार्यक्रम शुरू होने का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ऑटो चालक करण भरवे ने युवती से संपर्क किया। आरोप है कि उसने युवती को शहर में घुमाने और इसके बाद वापस कुंदन पैलेस छोड़ने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर युवती ऑटो में बैठ गई। आरोपी उसे मैग्नेटो मॉल होते हुए एफसीआई गोदाम और रेलवे डिपो की ओर ले गया। आरोप है कि सुनसान स्थान पर ऑटो चालक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी पीड़िता को वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह तारबाहर थाना पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक करण भरवे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


