सीपत:- मंदिर में चोरी करने वाले 2 शातिर आरोपी गिरफ्तार..अब तक कई चोरियों को दे चुके है अंजाम,

सीपत – पुलिस ने मंदिर से शिवलिंग में लगे तांबे के नाग और कलश समेत अन्य सामग्री चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में निगरानी बदमाश अमन साहू पिता रामेश्वर साहू 22 वर्ष और उसका साथी अर्जुन देवार पिता अभिमन्यु देवार 18 वर्ष शामिल हैं, जो दोनों गुड़ी थाना सीपत के निवासी हैं। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कर्रा के बंधवा तालाब स्थित शिव मंदिर से 28 फरवरी 2025 की रात अज्ञात चोरों ने तांबे का सर्प, कलश, त्रिशूल, घंटी और अन्य सामग्री, कुल कीमत ₹35,000, चोरी कर ली थी। इसकी शिकायत मंदिर समिति के कुंजराम पटेल ने सीपत थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल अमन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अमन ने अपने साथी अर्जुन देवार के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने ग्राम गुड़ी और कर्रा धनिया के राम मंदिर से भी चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गोपाल सतपथी, सहायक उपनिरीक्षक शिव सिंह बक्साल, प्रधान आरक्षक जयपाल बंजारे, आरक्षक राजेंद्र साहू और प्रकाश जगत का विशेष योगदान रहा।