बिलासपुर

न्यायधानी में फिर एक हत्या…चरित्र शंका में पति बना हैवान…पत्नी का गला काटकर उतारा मौत के घाट,

बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संगम नगर दीनदयाल कॉलोनी मंगला में मंगलवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जहां एक पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने लोहे के कत्ता नुमा हथियार से पत्नी के गले पर वार कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान सुमित्रा सोनवानी पति पंचूराम सोनवानी 60 वर्ष निवासी संगम नगर दीनदयाल कॉलोनी मंगला के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 4 बजे की है। बताया जा रहा है कि मृतिका के घर में ईंट जोड़ाई का काम चल रहा था, जिसमें वह अपने बेटे और बहू के साथ मजदूरी कर रही थी। इसी दौरान सुमित्रा सोनवानी नहाने के लिए घर के बाथरूम में जाने लगी। बाथरूम में जाने से पहले उसने अपने पति पंचूराम सोनवानी से खाना बनाने के लिए लकड़ी फाड़ने को कहा।

जैसे ही वह बाथरूम के अंदर पहुंची, उसी वक्त पीछे से पहुंचे पति ने हाथ में रखे लोहे के कत्ता नुमा हथियार से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में महिला का गला कट गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पंचूराम मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसके बेटे ने उसे पकड़ लिया और घर में ही रोक लिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है।

टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पति द्वारा पत्नी के चरित्र पर की जा रही शंका की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस निर्मम वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

BREAKING