रतनपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर…अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार वृद्ध की दर्दनाक मौत

रतनपुर – थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम रानीगांव के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 65 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखराम निवासी रामसनेही दिनकर पिता बिसाहू राम 65 वर्ष अपने निजी काम से बाइक क्रमांक CG 10 EM 5172 से कोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रानीगांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार वृद्ध सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके पर रुकने के बजाय फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना रतनपुर पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर क्षेत्रवासियों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


