सीपत:- खम्हरिया ज्वेलर्स चोरी कांड में बड़ी सफलता, चार आरोपी गिरफ्तार, लाखों के सोने-चांदी के जेवर और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद

बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में फरवरी माह में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। मामले में तीन मुख्य आरोपियों समेत चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.88 किलोग्राम चांदी के जेवर, 13.30 ग्राम सोने के जेवर तथा घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6.80 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स के संचालक विभूति विनय सोनी दुकान बंद कर रहे थे। उसी दौरान सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये नगद से भरे दो बैग दुकान के बाहर रखे थे। इसी बीच चेहरे पर गमछा बांधे एक युवक बैग उठाकर पहले से मोटरसाइकिल पर मौजूद अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया।घटना के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू बिलासपुर और सीपत थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने खम्हरिया, आसपास के गांवों तथा बलौदा क्षेत्र में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर लगातार आरोपियों की तलाश की।जांच के दौरान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला चौकी से सूचना मिली कि एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपी खुशीराम साहू, मनीष उर्फ राहुल मंडल और राजाराम साहू ने पूछताछ में रमेश ज्वेलर्स चोरी की वारदात स्वीकार की है। आरोपियों ने चोरी के जेवर आपस में बांटने और कुछ जेवर बेचने की जानकारी दी।पुलिस ने खुशीराम साहू की निशानदेही पर चोरी के चांदी के जेवर खरीदने वाले दीपक वर्मा को भी गिरफ्तार किया। वहीं राजाराम साहू से चांदी की पायल और सोने के टॉप्स बरामद किए गए। घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 10 BF 2654) भी ग्राम मड़ई के श्मशान घाट के पास झाड़ियों से बरामद की गई। एक अन्य आरोपी मनीष उर्फ राहुल मंडल के कब्जे से संबंधित चोरी का माल पहले ही रेलवे पुलिस द्वारा देवघर रेलवे स्टेशन पर जब्त किया जा चुका था।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में एसीसीयू बिलासपुर एवं थाना सीपत की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


