एनटीपीसी सीपत टाउनशिप के संस्कृति क्लब पंप हाउस में ठेकाकर्मी युवक ने लगाई फांसी,सुसाइड नोट बरामद,जांच में जुटी सीपत पुलिस, जनप्रतिनिधियों ने की मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग

सीपत – थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी सीपत टाउनशिप में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब संस्कृति क्लब परिसर के पंप हाउस में एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम वेद परसदा निवासी प्रभात कुमार यादव (47 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एनटीपीसी टाउनशिप में प्लंबर के रूप में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारी, सीआईएसएफ के जवान और सीपत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रभात कुमार यादव पिछले करीब 15 दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहा था। उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था और कई दिनों से ड्यूटी में अनुपस्थित चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी एनटीपीसी के एक कर्मचारी के निवास पर घरेलू सर्वेंट क्वार्टर डी-15 के रूप में कार्य करती है। प्रभात अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ एनटीपीसी के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सीपत थाना पुलिस सुसाइड नोट की जांच के साथ-साथ आत्महत्या के कारणों और सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले को लेकर सीपत पुलिस जांच में जुटी है।
जनप्रतिनिधियों ने की मृतक के परिवार को उचित मुआवजे दिए जाने की मांग
*घटना की खबर लगते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि,मृतक के परिजन साथ काम करने वाले घटना स्थल पर इक्कठे हो गए ,मौके पर उपस्थित सदस्य जिला पंचायत राजेंद्र धीवर, सभापति जनपद पंचायत मस्तूरी मनोज खरे ने एनटीपीसी प्रबंधन एवं मृतक के कार्यरत ठेका कम्पनी से कहा कि मृतक के परिवार को तत्कालिक सहायता राशि के साथ उचित मुआवजे एवं परिवार के सदस्य को रोजगार प्रदान किया जाय l*


