रतनपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर में घर से 1.80 लाख रुपये के आभूषण चोरी, अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में सूने कमरे का ताला खोलकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने आलमारी में रखे करीब 1 लाख 80 हजार रुपये कीमत के पुराने सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। परिवार को चोरी की जानकारी सुबह करीब चार बजे हुई। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मदनपुर निवासी पंकज द्विवेदी खेती-किसानी का काम करते हैं। उनका बड़ा भाई दीपक द्विवेदी रायपुर में रहता है। दीपावली के त्योहार पर दीपक अपनी पत्नी और परिवार के साथ मदनपुर आया था। इस दौरान परिवार ने अपने सोने-चांदी के जेवर घर के एक कमरे में रखी आलमारी में सुरक्षित रख दिए थे और वापस रायपुर चला गया था।प्रार्थी के मुताबिक 27 नवंबर की रात करीब 11 बजे उसने बड़े भाई के कमरे में ताला लगाया और परिवार के साथ बाजू वाले कमरे में सो गया। 28 नवंबर की सुबह करीब चार बजे उठकर देखा तो बड़े भाई के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी भी खुली मिली। उसमें रखे दो सोने के हार, 12 सोने की फुल्ली, एक सेट झुमका, बिंदिया सेट, सोने की चेन, दो अंगूठियां, एक सेट चूड़ी और चांदी के दो पायल, करधन व चूड़ा गायब थे। घटना की जानकारी प्रार्थी ने अपने भाई, भाभी और पड़ोसियों को दी। इसके बाद रतनपुर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में जुटी है।


