सीपत

सीपत:- बिजली विभाग की लापरवाही या हादसे का इंतजार? बंधवापारा बिटकुला में आठ महीने से झूल रहे जानलेवा बिजली के तार..

सीपत – क्षेत्र के ग्राम बंधवापारा बिटकुला स्थित ट्रांसफार्मर के पास मुख्य मार्ग पर पिछले करीब आठ महीनों से बिजली के तार खतरनाक ढंग से नीचे झूल रहे हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक विद्युत विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।मुख्य मार्ग होने के कारण यहां से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। नीचे लटक रहे बिजली के तारों के कारण ट्रैक्टर, ट्रक तथा अन्य ऊंचे वाहनों के गुजरने के दौरान दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। वहीं राहगीरों को भी हर समय जान का जोखिम उठाना पड़ रहा है।बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। तेज हवा चलने पर तार आपस में टकराते हैं, जिससे स्पार्किंग होने की आशंका रहती है।

ऐसे में करंट फैलने या शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाएं कभी भी घट सकती हैं, जिससे जन-धन की हानि होने का खतरा बढ़ जाता है।ग्रामीणों ने बताया कि यह क्षेत्र रिहायशी है, जहां बच्चे और मवेशी दिनभर आवाजाही करते हैं। नीचे झूलते बिजली के तार किसी भी समय उनके संपर्क में आ सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।स्थानीय निवासियों के अनुसार उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से तारों को कसने, जर्जर तारों को बदलने और सुरक्षित ऊंचाई पर स्थानांतरित करने की मांग की है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल मौके का निरीक्षण कर झूलते तारों की मरम्मत कराई जाए और उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को संभावित हादसों से बचाया जा सके।

BREAKING