बिलासपुर

तेज बारिश बनी जानलेवा…खेत में धान रोपते समय किसान पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर मौत

बिलासपुर – जिले में मानसून की तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में खेत में धान लगाने गए किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतू निवासी धरम यादव 65 वर्ष पिता स्वर्गीय खेलन यादव, अरपा नदी किनारे स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान खेत में काम कर रहे धरम यादव पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों ने किसान को जमीन पर गिरा देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद कोनी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण आकाशीय बिजली की चपेट में आना बताया जा रहा है। इधर, लगातार हो रही बारिश और गरज-चमक के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से किसानों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, नदी-नालों और ऊंचे स्थानों पर काम करने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जता चुका है। ऐसे मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

BREAKING