करंट ने फिर ली एक महिला की जान… किचन में मिट्टी की दीवार में दौड़ रहा था करंट, चपेट में आने से हुई मौत,

बिलासपुर – जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ग्राम हरदी कला की है, जहां घर की किचन की मिट्टी की दीवार में करंट प्रवाहित होने से महिला उसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम हरदी कला निवासी आशा देवी रजक 40 वर्ष पति संजय रजक, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे नींद से उठने के बाद चाय बनाने के लिए किचन की ओर गई थीं। इसी दौरान किचन की मिट्टी की दीवार में किसी कारणवश करंट प्रवाहित हो रहा था। दीवार के संपर्क में आते ही उन्हें जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि घर की विद्युत वायरिंग में खराबी या करंट लीकेज के कारण मिट्टी की दीवार में बिजली प्रवाहित हो रही थी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है।


