सीपत

सीपत:- पुलिस के नाम पर धमकी देकर 45 हजार रुपये की अवैध वसूली… आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ई-भाठापारा की रहने वाली एक महिला से पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर 45 हजार रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सीपत पुलिस ने आरोपी लीलामणी सोनझरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया आशा सोनझरी ने शिकायत में बताया कि वह मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती है। उसने बताया कि वह पहले शराब बिक्री का काम करती थी, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से उसने यह काम पूरी तरह बंद कर दिया है।शिकायत के मुताबिक, 5 जुलाई 2026 की सुबह ग्राम खम्हरिया निवासी लीलामणी सोनझरी उसके घर पहुंचा। आरोप है कि उसने अपने साथ लाई शराब को महिला के घर में रख दिया और उस पर अवैध शराब रखने एवं बेचने का आरोप लगाने लगा। इसके बाद उसने कहा कि यदि जेल जाने से बचना है तो पुलिस वालों को पैसे देने होंगे, अन्यथा वह पुलिस से कार्रवाई करवाकर जेल भिजवा देगा। महिला ने बताया कि आरोपी की धमकी से डरकर उसने अपने पति से 45 हजार रुपये मंगवाए और नगद राशि आरोपी को दे दी। अगले दिन 6 जुलाई को वह सीपत थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने यह भी दावा किया है कि उसके पास घटना का वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसे पुलिस को सौंपा गया है। सीपत पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी लीलामणी सोनझरी के विरुद्ध मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

BREAKING