कोटा

सल्का डेम के पास दिनदहाड़े झपटमारी…रेलवे टिकट कलेक्शन की राशि लूटकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश

बिलासपुर – जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी इलाके में दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने रेलवे टिकट कलेक्शन की राशि लेकर जा रहे कंपनी कर्मचारी को धक्का देकर उसका बैग छीन लिया और बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी भिखारी सिंह ध्रुव ग्राम श्रीपारा थाना कोटा का निवासी है और सीएमएस कंपनी, बिलासपुर के तहत रेलवे टिकट कलेक्शन का कार्य करता है। उसने बताया कि 8 जुलाई को वह बेलगहना रेलवे स्टेशन से टिकट बिक्री की कलेक्शन राशि 7,430 रुपये, टीआर पर्ची और कलेक्शन संबंधी दस्तावेज लेकर अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-10-बीक्यू-0935 से करगीरोड स्टेशन की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे ग्राम बड़े बरर मोड़ के आगे सल्का डेम के पास मुख्य मार्ग पर पहले से घात लगाए दो युवक मिले। एक युवक सड़क पर खड़ा होकर उसे रोकने का प्रयास करने लगा, जबकि दूसरा बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल स्टार्ट कर तैयार खड़ा था। जैसे ही प्रार्थी वहां से निकलने लगा, सड़क पर खड़े युवक ने उसके कंधे पर टंगा बैग झपट लिया और धक्का देकर उसे गिरा दिया। इसके बाद दोनों आरोपी बैग लेकर पल्सर मोटरसाइकिल से सल्का गांव की ओर भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित ने अपने कंपनी के अधिकारियों और सहकर्मियों को मोबाइल से सूचना दी तथा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोटा पुलिस ने अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश के साथ संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

BREAKING