बिलासपुर

शराबी बेटे की हैवानियत… मां का कान दांत से काटा, बहू को बचाने पर बेरहमी से पीटा,

बिलासपुर – जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम पौसरी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक बेटे ने अपनी ही मां के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। विवाद के दौरान उसने मां के कान को दांत से काट लिया, जिससे कान का ऊपरी हिस्सा अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पौसरी निवासी 61 वर्षीय लच्छन बाई ध्रुव मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे उनका छोटा बेटा दिनदयाल ध्रुव शराब पीकर घर पहुंचा और अपनी पत्नी पुष्पा ध्रुव के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब मां ने बेटे को बहू के साथ अभद्र व्यवहार करने से रोका तो वह भड़क गया। आरोप है कि दिनदयाल ने अपनी मां को भी गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने मां के कान को दांत से काट लिया, जिससे कान का ऊपरी हिस्सा अलग हो गया और काफी खून बहने लगा। मारपीट में महिला के कान के अलावा पीठ पर भी चोटें आई हैं। घटना के दौरान बहू पुष्पा ध्रुव और नाती रुद्र कुमार ध्रुव ने बीच-बचाव कर किसी तरह लच्छन बाई को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल महिला थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

BREAKING