मस्तूरी

जंगल में मवेशी छोड़ने का विवाद बना खूनी जंग, घात लगाकर हमला… लाठी-डंडों से पीटकर ग्रामीण की हत्या, तीन घायल

बिलासपुर – मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम लिमतरा के ग्रामीणों पर गुरुवार रात ग्राम रलिया के पास घात लगाकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। मृतक का शव सिम्स में रखवाया गया है। घायलों का मस्तूरी के अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार लिमतरा निवासी जीवन मेहर 38 वर्ष खेती-किसानी करते थे। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वे हीरालाल यादव 50 वर्ष, राकेश बरगाह 28 वर्ष और मुकेश पटेल 38 वर्ष के साथ आवारा मवेशियों को दलहा पहाड़ के जंगल में छोड़ने गए थे। रात करीब 8.30 बजे मवेशियों को जंगल में छोड़कर चारों दो बाइक से वापस लौट रहे थे। आरोप है कि रलिया गांव के पास 6 से 8 लोग पहले से रास्ते में घात लगाकर बैठे थे। ग्रामीणों के पहुंचते ही आरोपितों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में चारों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जीवन मेहर को मृत घोषित कर दिया। घायलों के अनुसार हमलावरों ने जीवन के सिर पर लोहे की राड और डंडे से ताबड़तोड़ वार किए। लहूलुहान होकर सड़क पर गिरने के बाद उसके साथी जान बचाकर भागे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें लाश ले जाने की बात कही। प्रारंभिक जांच में आवारा मवेशियों को जंगल में छोड़ने को लेकर दोनों गांवों के कुछ लोगों के बीच पुराना विवाद सामने आया है। डीएसपी सुदीप सरकार ने बताया कि मवेशियों को लेकर विवाद में मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस गांव में पूछताछ कर हमलावरों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

BREAKING