रतनपुर:- इंसानियत हुई शर्मसार, पुल के नीचे मिला नवजात! मासूम को बेसहारा छोड़ने वाले बेरहम की तलाश में जुटी रतनपुर पुलिस

रतनपुर – थाना क्षेत्र के सिल्ली मोड़ के पास शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुल के नीचे एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। सुबह राहगीरों और आसपास के लोगों की नजर नवजात पर पड़ी तो देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मासूम को इस तरह पुल के नीचे छोड़कर जाने की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात शिशु को पुल के नीचे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। नवजात को अकेला और असहाय हालत में देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल रतनपुर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को अपने संरक्षण में लेकर तत्काल उपचार के लिए रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने नवजात की प्राथमिक जांच की। उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया।इधर, रतनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को पुल के नीचे कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि मामले से जुड़े किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।


