बिलासपुर

कांग्रेसी नेता पर हमले की सुपारी देने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दो मोबाइल किए जब्त

बिलासपुर – तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेसी नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला कराने के मामले में पुलिस ने सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी नवीन पटेल 38 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए दीपक तिवारी को रुपये उपलब्ध कराए थे। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों और नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की सुबह करीब 6.45 बजे श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचने पर तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने डंडे और नुकीली वस्तु से उनके साथ मारपीट की। घटना की रिपोर्ट तारबाहर थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी क्राइम मधुलिका सिंह, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार और डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में तारबाहर पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की। इसके बाद संदेहियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए। पूर्व में नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। विवेचना में नवीन पटेल की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने श्याम कश्यप को जान से मारने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। नवीन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में तारबाहर पुलिस और एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

BREAKING