मुलजिम सुरक्षा में लापरवाही पड़ी भारी, आरक्षक निलंबित; थाने से फरार आरोपी की तलाश तेज

जांजगीर-चांपा – थाना मुलमुला में पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, ने सख्त कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में आरक्षक को रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार थाना मुलमुला में अमोरा निवासी फणेन्द्र सिंह 33 वर्ष के खिलाफ अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना परिसर में अभिरक्षा में रखा गया था। उसकी सुरक्षा के लिए आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया की ड्यूटी लगाई गई थी। बताया गया कि 22 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरते जाने को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
इधर, पुलिस ने फरार आरोपी फणेन्द्र सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत अलग से मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पतासाजी तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में ड्यूटी के दौरान लापरवाही के प्रति सख्त संदेश गया है।


