मवेशियों को बचाने में फिसली बाइक… पीछे से पिकअप ने कुचला, इलाज के दौरान युवक की मौत

बिलासपुर – तोरवा थाना क्षेत्र के मुर्रा भट्टा रोड पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सड़क पर बैठे मवेशियों को बचाने के प्रयास में बाइक फिसलने के बाद युवक सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप वाहन ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। तोरवा पुलिस के अनुसार तखतपुर क्षेत्र के दर्री निवासी दिलहरण कैवर्त 24 वर्ष गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने ससुराल से बाइक पर निकला था। वह मुर्रा भट्टा रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर कई मवेशी बैठे दिखाई दिए। उन्हें बचाने के लिए दिलहरण ने अचानक बाइक का ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और दिलहरण नीचे गिर गया। दिलहरण सड़क से उठकर संभल पाता, इससे पहले ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज शुरू किया गया, लेकिन सिम्स में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश की जा रही है।

