बिलासपुर

ओबीसी महासभा का संभाग स्तरीय कैडर कैंप संपन्न… 27% आरक्षण समेत कई मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति तय

बिलासपुर – ओबीसी महासभा का संभाग स्तरीय कैडर कैंप रविवार 30 अगस्त को नर्मदा नगर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के लोग शामिल हुए। शिविर में सामाजिक एकता, संवैधानिक अधिकारों और आगामी आंदोलनों की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत माँ भारती, छत्तीसगढ़ महतारी, महात्मा ज्योतिबा फुले और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत का गायन किया।
कैडर कैंप को संबोधित करते हुए ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम साहू ने कहा कि ओबीसी समाज अपने हक और अधिकारों को लेकर जागरूक हो चुका है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को अपने संवैधानिक अधिकारों की जानकारी रखते हुए संगठित होकर अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाना होगा। जिला अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि ओबीसी समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और समाज की एकता बनाए रखते हुए 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने जनगणना में ओबीसी के लिए जातिगत कॉलम जोड़ने, बैकलॉग और स्वीकृत रिक्त पदों पर भर्ती, मंडल एवं महाजन कमीशन की सिफारिशों को लागू करने तथा ओबीसी के लिए पृथक मंत्रालय और बजट की मांग उठाई। इसके अलावा क्रीमीलेयर की बाध्यता समाप्त करने, सामाजिक भवन एवं छात्रावास निर्माण तथा अन्य सामाजिक समस्याओं के निराकरण पर भी जोर दिया गया। जिला सचिव सूर्यप्रकाश कश्यप ने युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग से गांव-गांव एवं वार्ड-वार्ड जाकर समाज को संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन जनक राम साहू ने किया। शिविर के दौरान आगामी आंदोलनों को लेकर रणनीति तैयार की गई और सामाजिक न्याय व संवैधानिक अधिकारों के लिए संगठित प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

BREAKING