उधारी के 2 हजार रुपये मांगने पर विवाद… युवक की हत्या, रायपुर के नशा मुक्ति केंद्र से आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चाम्पा – पामगढ़ थाना क्षेत्र में उधारी के महज 2 हजार रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गाली-गलौज के बाद लकड़ी के डंडे और हाथ-मुक्के से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे 26 वर्ष निवासी पामगढ़ को रायपुर स्थित नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार घटना 29 अगस्त 2026 की दोपहर की है। उधारी की रकम मांगने की बात को लेकर आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू और उसके साथियों का रमेश टंडन उर्फ महेश तथा उसके पुत्र शिवा उर्फ भोलेशंकर टंडन से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शिवा के साथ हाथ-मुक्के और लकड़ी के डंडे से मारपीट की। हमले में शिवा के सिर, पैर, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में शिवा को उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां 30 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग डायरी प्राप्त कर उसे अपराध डायरी में शामिल किया और मारपीट के मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस सहित अन्य धाराएं जोड़ दीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। आरोपी के रायपुर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में घटना स्वीकार करने के बाद 31 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


