जांजगीर चाँपा

बलौदा में लाखों की चोरी का खुलासा: CCTV और साइबर सेल ने खोला राज, सोनार समेत 4 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा – बलौदा के सोनार मोहल्ले में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15.87 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 7 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। घटना वार्ड क्रमांक 7 निवासी नवीन सोनी के घर की है। नवीन अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह उठने पर कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। दूसरे कमरे में जाकर देखा तो आलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब मिले। शिकायत पर बलौदा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 386/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों के सहयोग से घर में प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया। चोरी के जेवरात को संगीता जगत के माध्यम से अकलतरा निवासी सोनार सुमित अग्रवाल को बेचने की बात भी सामने आई। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर लिया। बरामद सामान में रानी हार, चांदी की चैन, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, सोने की धातु सहित 7 हजार रुपये नगद शामिल हैं। पुलिस ने आयुष आदित्य उर्फ आशु 26 वर्ष, जीतु देवार 20 वर्ष, सोनार सुमित अग्रवाल 41 वर्ष और संगीता जगत 36 वर्ष को गिरफ्तार किया है। तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी मामले में पकड़ा गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि रामदुलार साहू सहित थाना बलौदा और साइबर थाना जांजगीर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

BREAKING