मस्तूरी

मस्तूरी में चाकू के दम पर लूट का खुलासा…आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

बिलासपुर – मस्तूरी थाना क्षेत्र में युवकों को चाकू दिखाकर आईफोन लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने साथी के साथ स्कूटी से पहुंचा था और रेलवे अंडरब्रिज के नीचे रास्ता रोककर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है।पुलिस के मुताबिक, राजीव कौशिक 2 सितंबर को अपने दोस्त निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ मोटरसाइकिल से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी जा रहे थे। शाम करीब 5:40 बजे तीनों कारो रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंचे थे। इसी दौरान फरहदा की ओर से स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे और रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की से धारदार चाकू निकाला और युवकों को धमकाते हुए राज केंवट का आईफोन छीनने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया और करीब 40 हजार रुपये कीमत का आईफोन लूटकर फरार हो गए। मारपीट और चाकू के हमले में राजीव कौशिक, निरंजन कौशिक और राज केंवट को गर्दन व बाएं हाथ में चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी पुलिस तथा एसीसीयू की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।जांच के दौरान पुलिस आरोपी राजकुमार ध्रुव (27), निवासी बुटापारा, थाना तोरवा तक पहुंची। पूछताछ में उसने अपने साथी शिवम के साथ मिलकर लूट करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चाकू और लूटा गया आईफोन बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी शिवम की तलाश जारी है।

BREAKING