बिलासपुर

अरपा में नहाने गए तीन मासूम, नारियल पकड़ने बढ़े तो दो बच्चे बह गए, एक लौटा और बताई पूरी कहानी, पुलिस-SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

भुवनेश्वर बंजारे

बिलासपुर – शनिवार दोपहर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद स्थित मधुबन इलाके में अरपा नदी में दो बच्चों के बह जाने की खबर से कोहराम मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू कराई गई। बाद में एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसके बाद नदी में सर्च ऑपरेशन तेज किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास अरपा नदी में नहाने गए थे। उनके साथ एक अन्य बच्चा भी था। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान पानी में बहता हुआ नारियल देखकर तीनों बच्चे उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हुआ और आयान व इमरेश नदी में बह गए। तीसरा बच्चा किसी तरह वापस लौट आया और उसने घटना की जानकारी परिजनों व आसपास के लोगों को दी। कुछ ही देर में परिजन और मोहल्लेवासी बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए।

सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू कराई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी में संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना था कि घटना के काफी देर बाद तक गोताखोर मौके पर नहीं पहुंचे। करीब सवा घंटे तक तलाश में देरी होने की बात को लेकर लोगों ने आक्रोश जताया।फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम दोनों बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं घटनास्थल पर परिजनों की आंखें अपनों की वापसी की उम्मीद में नदी की ओर टिकी हुई हैं।

BREAKING