सिल्ली मोड़ पर कार सवारों का हमला… बाइक सवार को रोककर की मारपीट और मारा चाकू, वारदात के बाद जंगल में भागे

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – रतनपुर क्षेत्र में शनिवार को सिल्ली मोड़ के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब कार सवार युवकों ने पीछे से बाइक सवार दो युवकों को निशाना बनाकर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में नवागांव मोहदा निवासी ड्राइवर अजय भानू 35 वर्ष घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर कार समेत जंगल की ओर फरार हो गए। फिलहाल पीड़ित पक्ष ने घटना की शिकायत पुलिस से नहीं की है। मिली जानकारी के मुताबिक अजय भानू शनिवार को अपने परिचित राहुल के साथ बाइक से सिल्ली मोड़ की ओर गए थे। काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक कार में सवार करीब सात-आठ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि कार सवार युवकों ने बाइक सवारों को पीछे से निशाना बनाते हुए अचानक हमला कर दिया। हमले में अजय घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर कार लेकर जंगल की ओर भाग निकले। आसपास मौजूद लोगों ने घायल अजय को उपचार के लिए रतनपुर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिम्स रेफर कर दिया। राहुल के मुताबिक घटना के बाद उन्होंने परिचितों के साथ हमलावरों की तलाश की, लेकिन तब तक आरोपी जंगल की ओर भागकर गायब हो चुके थे। घटना को लेकर फिलहाल पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद ही मामले की जांच और हमले के कारणों का पता चल सकेगा।


