बिलासपुर

रतनपुर में मारपीट का मामला गरमाया! युवक के सिर में गंभीर चोट, रायपुर रेफर, परिजनों ने एसपी से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

भुवनेश्वर बंजारे

बिलासपुर – रतनपुर थाना क्षेत्र के सारथी मोहल्ले में 28.09.2026 की देर रात हुए मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक करण सारथी के परिजन बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। परिजनों का कहना है कि करण को सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। परिजनों के अनुसार, 28 सितंबर 2026 की रात करीब 12 बजे करण सारथी मोहल्ले में बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही विकल्प दुबे, संकल्प दुबे सहित अन्य लोगों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान करण के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना की शिकायत पीड़ित पक्ष द्वारा रतनपुर थाने में की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और घटना के पीछे के पूरे विवाद की भी जांच की जा रही है। इधर, पुलिस के अनुसार घायल करण सारथी के खिलाफ कुछ दिन पहले ही आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी और उसे क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश बताया गया है।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि वर्तमान मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। परिजनों ने एसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि करण को गंभीर चोटें आई हैं और उसे रायपुर रेफर किया गया है। उन्होंने मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब घटना से जुड़े साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

BREAKING