बिलासपुर

कारखाने के अंदर एचपी लोडर ने ली युवक की जान, सिलपहरी के अग्रवाल स्ट्रक्चर में हादसे से मची अफरा-तफरी, सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल

भुवनेश्वर बंजारे

बिलासपुर – सिलपहरी स्थित अग्रवाल स्ट्रक्चर कारखाने में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में एचपी लोडर की चपेट में आने से 39 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा शाम करीब 5 बजे कारखाना परिसर में हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राकेश लहरे पिता कुंवर लाल लहरे, उम्र 39 वर्ष, निवासी हरदी भाठा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एचपी लोडर की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस ने मामले में लोडर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। वहीं मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद कारखाना परिसर में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कारखाने में हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद औद्योगिक परिसर में सुरक्षा मानकों के पालन और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी मांग उठ रही है कि हादसे की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और क्या कारखाना परिसर में भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

BREAKING