Uncategorized

अजमेर उर्स में जायरीनों की सुविधा के लिए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने DRM को सौंपा ज्ञापन, अतिरिक्त कोच की रखी मांग..

बिलासपुर – अजमेर शरीफ का उर्स शुरू होने में अभी 15 दिन बाकी हैं, लेकिन बिलासपुर से अजमेर जाने वाली एकमात्र सीधी ट्रेन दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस (18207) में अभी से वेटिंग लिस्ट का संकट गहराने लगा है। हर साल की तरह इस साल भी बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग से हजारों जायरीन 10 से 19 दिसंबर तक चलने वाले उर्स में शामिल होने अजमेर जाएंगे। लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ती है। कई परिवारों को तो आखिरी वक्त में अपनी यात्रा ही रद्द करनी पड़ती है। इसी समस्या को लेकर शुक्रवार को हज कमेटी के प्रतिनिधियों और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों ने DRM, बिलासपुर मंडल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से दुर्ग-अजमेर-दुर्ग एक्सप्रेस (18207/18208) में उर्स की अवधि के दौरान अतिरिक्त स्लीपर और एसी कोच लगाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे प्रशासन को बताया कि हर साल उर्स के दौरान इस ट्रेन में भारी भीड़ रहती है। वेटिंग लिस्ट सैकड़ों में पहुंच जाती है, जिससे बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई जायरीनों को तो टिकट न मिलने के कारण यात्रा ही रद्द करनी पड़ती है।प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि उर्स अवधि के दौरान ट्रेन में कम से कम 2-3 अतिरिक्त स्लीपर कोच और 1 एसी कोच लगाया जाए, साथ ही प्रतीक्षा सूची के यात्रियों के लिए अतिरिक्त बर्थ की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी जायरीन यात्रा से वंचित न रहे।
वही DRM ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जायरीनों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी और अतिरिक्त कोच के लिए मुख्यालय से समन्वय कर जल्द निर्णय लिया जाएगा। इधर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के इस सकारात्मक पहल के बाद
अब अंचल के जायरीनों को उम्मीद है कि इस बार उन्हें वेटिंग के झंझट से छुटकारा मिलेगा और वे आराम से अजमेर शरीफ का उर्स अदा कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि अजमेर शरीफ का उर्स देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देश-विदेश से लाखों जायरीन शामिल होते हैं। छत्तीसगढ़ से भी हर साल हजारों जायरीन अजमेर पहुंचते हैं। जिसके मद्देनजर ही अल्पसंख्यक मोर्चा के सय्यद मकबूल अली, भाजपा जिलाध्यक्ष, मोहम्मद हनीफ, शानुल खान, पवन छावड़ा, विकास एंथनी, गुलसर अली और कमलेश सिंह ने बिलासपुर डीआरएम से उचित पहल करने अनुरोध किया है।



BREAKING