बिलासपुर

बिलासपुर:- तितली चौक के नाले में अर्धनग्न महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस,

बिलासपुर – शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे परिक्षेत्र स्थित तितली चौक के पास एक नाले में अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव पड़ा मिला। सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। महिला की अब तक पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि मृतका की तस्वीर जिले के सभी थाना क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के जिलों के थानों में भी भेजी गई है। इसके अलावा दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कराया जा रहा है, ताकि महिला की पहचान जल्द से जल्द हो सके। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की पहचान होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत का पर्दाफाश हो सके।

BREAKING