बिलासपुर

बिलासपुर:- घर के आंगन में फंदे पर झूलता मिला युवक का शव, पत्नी के लौटते ही मचा हड़कंप, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

बिलासपुर – कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम कोनी स्थित देव नगर में सोमवार शाम एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देव नगर निवासी बबलू तिवारी (32 वर्ष), पिता स्व. कोमल तिवारी अपनी पत्नी के साथ रहते थे। सोमवार सुबह करीब 8 बजे उनकी पत्नी काम पर चली गई थी, जबकि बबलू घर पर अकेले थे। शाम करीब 4:30 बजे जब पत्नी वापस लौटी तो उसने घर के बाहर आंगन में लोहे के एंगल से नायलॉन की रस्सी के सहारे बबलू को फांसी के फंदे पर लटका देखा।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक शराब का आदी बताया जा रहा है। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

BREAKING