बिलासपुर:- पिकनिक पार्टी के बाद गला दबाकर किन्नर की हत्या…दूसरे किन्नर ने दिया घटना को अंजाम,

बिलासपुर – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र के जोंकी गांव में किन्नर समुदाय की एक पार्टी के दौरान विवाद के बाद एक किन्नर ने दूसरे किन्नर की हत्या कर दी है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। देर रात हुए इस घटनाक्रम में तन्नू किन्नर की हत्या से किन्नर समुदाय में आक्रोश व्याप्त है और समुदाय के लोगों ने आरोपी रिया किन्नर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जोंकी गांव में किन्नर समुदाय के कुछ लोगों की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद तन्नू किन्नर अचेत अवस्था में मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने जब उसकी हालत देखी तो नाक से खून निकल रहा था और गले पर निशान दिखाई दिए। इन परिस्थितियों को देखते हुए गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया है। साथ ही घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि विवाद और हत्या की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सकरी पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


