Uncategorized

दुर्गा झांकी के दौरान सुने मकान में चोरों का धावा,80 हजार नगद पर किया हाथ साफ, तारबाहर पुलिस जुटी जांच में

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात सामने आई है। नाई मोहल्ला एफसीआई चौक स्थित किराये के मकान में रहने वाली किन्नर पूजा सोनी के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। पूजा सोनी अपने दो साथियों के साथ दुर्गा झांकी देखने गोलबाजार गई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और उसमें रखे 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात में निकले, सुबह लौटे तो खुला मिला दरवाजा

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पूजा सोनी नाई मोहल्ला एफसीआई चौक में लक्की श्रीवास्तव के मकान में किराये से रहती हैं। उनके साथ गुलाबो किन्नर और अनंता किन्नर भी रहते हैं। 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे तीनों घर के दरवाजे पर बाहर से सिटकनी लगाकर दुर्गा झांकी देखने गोलबाजार चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे जब वे वापस लौटे तो घर के दरवाजे की सिटकनी खुली हुई मिली।

अलमारी का लॉकर टूटा, नकदी गायब

घर के अंदर जाकर जांच करने पर अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला। उसमें रखे 80 हजार रुपये नकद गायब थे। घर में चोरी होने का पता चलते ही पूजा सोनी ने अपने स्तर पर अज्ञात चोर की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद 24 अक्टूबर को उन्होंने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

तारबाहर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। घर में चोरी करने वाले आरोपी का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

BREAKING