नेहरू चौक के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक चालक युवक की मौत, दो घायल

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – रविवार देर रात नेहरू चौक के पास तेज रफ्तार बाइक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक रतनपुर निवासी भरत साहू 28 वर्ष लिंगियाडीह में रहता था। रविवार रात वह अपने दोस्त हर्ष साहू के साथ स्प्लेंडर बाइक क्रमांक सीजी 10 ईजी 4903 से मुंगेली नाका की ओर से नेहरू चौक की तरफ जा रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक तेज रफ्तार में रांग साइड चल रही थी। इसी दौरान यदुनंदन नगर निवासी मयंक सिंह अपने पिता श्याम सिंह के साथ स्कूटी क्रमांक सीजी 10 बीएफ 8895 से सामने से आ रहे थे। अचानक सामने स्कूटी आने पर भरत बाइक को नियंत्रित नहीं कर सका और उसने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में भरत के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। वहीं हर्ष के सिर और चेहरे पर भी चोट लगी।घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद भरत को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार शुरू किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


