बिलासपुर

सागौन तस्करों पर वन विभाग का शिकंजा….11 लट्ठों समेत पिकअप-बाइक जब्त, चार आरोपी चढ़े हत्थे,

बिलासपुर – छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर जिले के कोटा परियोजना मंडल में सागौन की लकड़ी से लदी एक महिंद्रा पिकअप और एक बाइक जब्त की है। कार्रवाई के दौरान सागौन के 11 लट्ठे बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 1.138 घन मीटर आंकी गई है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण और लकड़ी के अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत कोटा परियोजना मंडल के भैंसाझार परिक्षेत्र के कलमीटार बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक पी./1586 से जोगीपुर-रतनपुर मार्ग पर गश्त कर रहे वन अमले ने संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG-10 CA-5582 को रोककर जांच की। वाहन में सागौन प्रजाति के 11 लट्ठे बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन करते पाए गए। वन अमले ने मौके से पिकअप के साथ लीवो (होंडा) बाइक क्रमांक CG-28 C-3192 भी जब्त कर ली। इस मामले में नीलकुमार घृतलहरे, ललित साहू, लालसिंह और दुर्गेश पाली के खिलाफ प्रकरण क्रमांक 87/27, दिनांक 21 जुलाई 2026 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। जब्त वाहनों और लकड़ी को वन विभाग की अभिरक्षा में रखा गया है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय महाप्रबंधक अभिषेक सिंह और मंडल प्रबंधक सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में की गई। अभियान में सहायक परियोजना क्षेत्रपाल अश्वनी मेहरा, गोविंदा वर्मा, अरुण कुमार सिंह सहित क्षेत्ररक्षक और रोपण सुरक्षा श्रमिकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वन विकास निगम के प्रबंध संचालक प्रेम कुमार ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए सभी परियोजना मंडलों में नियमित एवं रात्रिकालीन गश्त जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान को उनके गोपनीय प्रतिवेदन में भी दर्ज किया जाएगा।

BREAKING