पचपेड़ी:- शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने उतरा युवक लापता, तीन जिलों की पुलिस और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

बिलासपुर – पचपेड़ी क्षेत्र के जोंधरा गांव का एक युवक गुरुवार दोपहर शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस, एसडीआरएफ और आसपास के गांवों के लोगों ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। देर रात युवक का शव जांजगीर-चांपा जिले की सीमा के पास दिखाई दिया, लेकिन तेज बहाव के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम के अनुसार जोंधरा निवासी सुखदेव केंवट 28 वर्ष पेशे से मछुआरा था। गुरुवार दोपहर वह गांव के अन्य लोगों के साथ शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से वह पानी में बह गया। साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाया गया। घटना स्थल बलौदा बाजार जिले की लवन चौकी क्षेत्राधिकार में होने के कारण लवन पुलिस को भी सूचना दी गई। वहीं, नदी का बहाव जांजगीर-चांपा जिले की ओर होने से पामगढ़ पुलिस को भी अलर्ट किया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने घंटों तक नदी में युवक की तलाश की। लगातार चले सर्च ऑपरेशन के दौरान देर रात युवक का शव पामगढ़ क्षेत्र के देवरघटा के पास नदी में दिखाई दिया। हालांकि पानी का बहाव इतना तेज था कि ग्रामीण शव तक पहुंच नहीं सके। इसके बाद शिवरीनारायण पुलिस को भी सूचना दी गई। अब जांजगीर-चांपा पुलिस की टीम शव को बाहर निकालने और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना से जोंधरा गांव में शोक का माहौल है।


