बिलासपुर

शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी त्रिलोक चंद्र श्रीवास, महमंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती साइकिल वितरण योजना का कार्यक्रम संपन्न

मस्तूरी – विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के जीवन का स्वर्णिम समय होता है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में व्यक्ति जितना अधिक शिक्षित और दीक्षित होगा, उसके सफल होने की संभावनाएं उतनी ही अधिक होंगी। शिक्षा जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है, लेकिन शिक्षा के साथ संस्कार होना भी उतना ही जरूरी है। बिना संस्कार के शिक्षा अभिशाप भी बन सकती है। उक्त बातें बिलासपुर जिले के कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास, राष्ट्रीय समन्वयक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मार्गदर्शक, जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-3 ने कही।वे मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महमंद स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों को संबोधित कर रहे थे।कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दिलीप लहरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को मजबूत बनाना है।

इस अवसर पर जिला पंचायत प्रतिनिधि चंद्र प्रकाश सूर्या, सरपंच प्रतिनिधि विक्की निर्मलकर, भाजपा नेता श्री बरगाह तथा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वक्ताओं ने छात्राओं को साइकिल वितरण योजना का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी शिक्षा निरंतर जारी रखने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के लिए आभार व्यक्त किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर ग्राम की सरपंच श्रीमती पूजा विक्की निर्मलकर, जनपद सदस्य श्रीमती रामादेवी मौर्य, कांग्रेस नेता पंडित महेश नारायण मिश्रा, मोहन जायसवाल, सौरभ मौर्य, शेर इमरान खान, अमित रजक, सीना यादव, सत्येंद्र तिवारी, राजेंद्र साहू, शुभम श्रीवास, जितेंद्र शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

BREAKING