घर में काम करने वाली नौकरानी निकली मास्टरमाइंड… चेक चुराकर 85 हजार निकालने की कोशिश,

जांजगीर-चांपा – घर में करीब एक साल से नौकरानी का काम कर रही महिला ने उसी घर की अलमारी से बैंक चेक चोरी कर खाताधारक के फर्जी हस्ताक्षर के जरिए 85 हजार रुपये निकालने की कोशिश की। बैंक कर्मचारियों की सतर्कता से आरोपी महिला की साजिश नाकाम हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नौकरानी को पकड़ लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरजा निवासी पेण्ड्री, जांजगीर में एक घर में पिछले करीब एक वर्ष से घरेलू काम करती थी। इसी दौरान उसने घर की अलमारी से पीड़िता का भारतीय स्टेट बैंक का चेक चोरी कर लिया। आरोपी ने चेक में 85 हजार रुपये की राशि भरने के साथ खाताधारक के फर्जी हस्ताक्षर किए और उसे भुगतान के लिए बैंक में प्रस्तुत कर दिया। चेक बैंक पहुंचने के बाद कर्मचारियों को हस्ताक्षर और चेक को लेकर संदेह हुआ। बैंक ने तत्काल खाताधारक से संपर्क कर चेक के संबंध में जानकारी ली। खाताधारक ने स्पष्ट किया कि उसने उक्त चेक जारी नहीं किया है। इसके बाद बैंक की सतर्कता से आरोपी द्वारा 85 हजार रुपये निकालने का प्रयास विफल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी नौकरानी के विरुद्ध 24 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस चेक, बैंक दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चेकबुक, बैंक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध बैंक लेन-देन की जानकारी तत्काल बैंक और पुलिस को दें। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुकेश पांडेय और प्रधान आरक्षक जमुना तिवारी का विशेष योगदान रहा।


