खराब समोसा की शिकायत करना पड़ा भारी…होटल संचालक ने ग्राहक को पीटा, तखतपुर बस स्टैंड के सत्यम स्वीट्स में हुआ विवाद,

बिलासपुर – तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स में खराब समोसा परोसने की शिकायत करना एक ग्राहक को भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज होटल संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राहक से गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने तखतपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं, मारपीट की घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मरका निवासी दीपक कुमार जायसवाल मंगलवार शाम अपनी बहन, जीजा, भांजी और छोटे भाई के साथ बिलासपुर से गांव लौट रहे थे। रास्ते में सभी तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स होटल में नाश्ता करने रुके। दीपक, उसका छोटा भाई और भांजी होटल में नाश्ता कर रहे थे, जबकि उसकी बहन और जीजा बाजार में खरीदारी के लिए चले गए थे। इसी दौरान दीपक के छोटे भाई और भांजी ने समोसा खराब होने की बात बताई। दीपक ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन से इसकी शिकायत करते हुए खराब समोसा परोसे जाने पर नाराजगी जताई। आरोप है कि शिकायत सुनकर होटल संचालक भड़क गया और दीपक के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर संचालक और उसके साथियों ने दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। होटल में विवाद की जानकारी मिलने पर दीपक की बहन भी मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। मारपीट में दीपक के गले समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर तखतपुर पुलिस ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन और उसके साथियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


