बिलासपुर

घोंघा बाबा मंदिर परिसर में भव्य दीपोत्सव…सैकड़ों दीपों से जगमगाया मंदिर

बिलासपुर – बागेश्वर धाम हिंदू राष्ट्र मातृशक्ति सुंदरकांड मंडल के तत्वावधान में स्थानीय घोंघा बाबा मंदिर परिसर में भव्य एवं दिव्य दीपोत्सव का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को सैकड़ों दीपों, आकर्षक रोशनी और रंग-बिरंगी रंगोली से सजाया गया। दीप प्रज्वलित होते ही पूरा परिसर अलौकिक रोशनी से जगमगा उठा।

दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और दीपदान कर भगवान श्रीराम, हनुमान जी महाराज एवं घोंघा बाबा की आराधना की। श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। भक्ति गीतों और धार्मिक पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मातृशक्ति की रही विशेष भूमिका

कार्यक्रम में मातृशक्ति की बहनों ने पारंपरिक वेशभूषा में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। महिलाओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा, सुंदरकांड के दोहे और भजनों का पाठ किया। मंडल की बहनों की सक्रिय सहभागिता और अनुशासित व्यवस्था ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

धर्म, संस्कार और सेवा का संकल्प

मंडल की ओर से बताया गया कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और संस्कारों को बढ़ावा देना है। मंडल द्वारा धर्म जागरूकता के साथ सेवा कार्यों और सामाजिक एकता के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।कार्यक्रम के समापन पर मंडल ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं, मातृशक्ति बहनों, मंदिर समिति और सहयोगी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

मंडल ने कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से दीपोत्सव सफल एवं यादगार बन सका। भविष्य में भी धार्मिक और सेवा कार्यों का आयोजन निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।

BREAKING